भगवान कार्तिक स्वामी मंदिर में 28-29 नवंबर को हर्षोल्लास ने मनाई जाएगी देव दीपावली - लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ

ऊखीमठ : देव सेनापति भगवान कार्तिक स्वामी के तीर्थ में आगामी 28 व 29 नवम्बर को हर्षोल्लास के साथ मनायी जायेगी। दो दिवसीय देव दीपावली के आयोजन हेतु मन्दिर समिति तैयारियों में जुट गयी है, तथा 28 नवम्बर की रात्रि को होने वाले भव्य व दिव्य अखण्ड जागर में नि:सन्तान दम्पतियों द्वारा पुत्र प्राप्ति के कामना के लिए अखण्ड तप किया जायेगा। जानकारी देते हुए कार्तिक स्वामी मन्दिर समिति अध्यक्ष शत्रुध्न सिंह नेगी ने बताया कि 28 नवम्बर को ब्रह्म बेला पर विद्वान आचार्यों द्वारा भगवान कार्तिक सहित तैतीस कोटि देवी - देवताओं का आवाह्न किया जायेगा तथा वैकुण्ठ चतुर्दशी पर्व पर श्रद्धालुओं द्वारा भगवान कार्तिक स्वामी की पूजा अर्चना कर विश्व कल्याण की कामना की जायेगी।


उन्होंने बताया कि उसी दिन सात आठ बजे से मन्दिर समिति, स्थानीय कीर्तन मडण्लियों, जनप्रतिनिधियों द्वारा कार्तिक स्वामी तीर्थ में देव दीपावली भव्य रूप से मनाई जायेगी। प्रबन्धक पूर्ण सिंह नेगी ने बताया कि 28 नवम्बर को रात्रि नौ बजे, 12 बजे, तीन बजे व 29 नवम्बर को सुबह चारों पहर चार आरती उतार कर भगवान कार्तिक स्वामी सहित तैतीस कोटि देवी - देवताओं का आवाह्न किया जायेगा। उपाध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी ने बताया की दो दिवसीय वैकुण्ठ चतुर्दशी मेले के आयोजन हेतु मन्दिर समिति तैयारियों में जुट गयी है। सचिव बलराम सिंह नेगी ने बताया कि दो दिवसीय देव दीपावली के आयोजन हेतु कार्तिक स्वामी तीर्थ को अनेक प्रकार के पुष्पों व बिजली की लाइटों से सजाने की तैयारी की जा रही है। कोषाध्यक्ष चन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि दो दिवसीय देव दीपावली में सामाजिक दूरी का विशेष ध्यान दिया जायेगा। कथावाचक वासुदेव थपलियाल, सुधार नौटियाल, कुशलानन्द वशिष्ठ ने बताया कि कार्तिक स्वामी तीर्थ के दर्शन करने से मनुष्य को मनौवाधित फल की प्राप्ति होती है। मन्दिर के पुजारी नन्दु पुरी, ताजवर पुरी का कहना है कि 29 नवम्बर को कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर भी श्रद्धालु भगवान कार्तिक स्वामी की पूजा - अर्चना व जलाभिषेक कर पुण्य अर्जित कर सकते हैं। छोटिया सिंह नेगी, जिला पंचायत सदस्य चोपता सुनीता बर्तवाल, प्रधान घिमतोली बसन्ती देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य अर्जुन सिंह नेगी, चन्दन सिंह नेगी,पंचम सिंह नेगी ने सभी श्रद्धालुओं से दो दिवसीय देव दीपावली के आयोजन में सहभागिता का आवाह्न किया है।