81 वर्षीय पूर्व सैनिक ने गरीब एवं असहाय परिवारों को बांटी राहत सामग्री - लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ

ऊखीमठ : तुंगनाथ घाटी की ग्राम पंचायत उषाडा निवासी 81 वर्षीय पूर्व सैनिक गंगा सिंह बजवाल ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों के विधवा, विकलांग, निर्धन व असहाय लगभग 45  परिवारों को राहत सामग्री वितरित  की! जानकारी देते हुए पूर्व प्रधान प्रदीप बजवाल ने बताया कि कोविड 19 के कारण गरीब तबके के परिवारों के सन्मुख आजीविका का संकट बना हुआ है इसलिए 81 वर्षीय गंगा सिंह बजवाल ने गरीब परिवारों की मदद करने का मन बनाया है। बताया कि गंगा सिंह बजवाल की पहल पर ग्वाड - 2, बरंगाली - 2, काण्डा - 1, दैडा - 3 , कर्णधार - 5, डूण्डू - 2, उषाडा - 4 , ताला - 12, सारी - 9 तथा करोखी - 5 गरीब व असहाय परिवारों को राहत सामग्री वितरित की गयी।



उन्होंने बताया कि केन्द्र व प्रदेश सरकारों द्वारा  गेहूँ व चावल तो निशुल्क वितरित किये जा रहे है मगर गरीब व असहाय परिवारों के सन्मुख वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के कारण अन्य सामग्रियों का संकट बना हुआ है। इसलिए राहत सामग्री में चीनी, दाल, मसाले, तेल, चायपत्ती, साबुन, कोलगेट, नमक वितरित किया गया! पूर्व प्रधान प्रदीप बजवाल ने बताया कि आने वाले समय में तुंगनाथ घाटी में एक सामाजिक संगठन का गठन किया जायेगा तथा समय - समय पर विधवा महिलाओं, गरीब व असहाय परिवारों की मदद करने की पहल की जायेगी। प्रधान बरंगाली महावीर सिंह नेगी ने कहा कि कोविड 19 के कारण आज गरीब परिवारों के सन्मुख आजीविका का संकट बना हुआ है ऐसी स्थिति में उनकी मदद करने के लिए हर एक जनप्रतिनिधि को आगे आना होगा!सामाजिक कार्यकर्ता सन्तोष सिंह नेगी का कहना है कि जो सामाजिक संगठन गरीबों की मदद के लिए आगे आयेगा उस संगठन की यथा सम्भव मदद की जायेगी। इस मौके पर जगदीश सिंह नेगी, मयंक नेगी, दिलवर सिंह नेगी, आशीष बजवाल, अर्जुन सिंह नेगी, अनिल लाल मौजूद थे।