चमोली जिले में भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत का सबब बनी हुई है। मंगलवार की रात्रि और बुधवार की सुबह हुई भारी बारिश से दशोली ब्लॉक के ग्राम पंचायत मठ - झडेता में भारी नुकसान हुआ है। पंचायत में जगह - जगह भूस्खलन होने से ग्रामीणों की 100 नाली से अधिक भूमि जमींदोज हो गई है।
साथ ही कई घर खतरे की जद में आ गए हैं। मंगलवार को बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने भाजपा मंडल अध्यक्ष दशोली राजेंद्र हटवाल को गांव में हुए नुकसान के जाजजा लेने के लिए भेजा गया। साथ ही एसडीएम चमोली को बारिश से हुए नुकसान के लिए कार्रवाई के निर्देश दिए। मंडल अध्यक्ष राजेंद्र हटवाल ने भूस्खलन क्षेत्र का मुआयना कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। और इसकी रिपोर्ट विधायक एवं चमोली प्रशासन को दी। ग्राम प्रधान संजय राणा ने शासन - प्रशासन को इसकी जानकारी मंगलवार सुबह ही दे दी गई थी। अब नायब तहसीलदार और पटवारी द्वारा गांव का निरीक्षण कर मुआवजा की कार्रवाई की गई। दशोली प्रमुख विनीता देवी द्वारा नायब तहसीलदार और पटवारी को भूस्खलन से हुई भूमि का मुआवजा जल्द से जल्द देने को कहा गया। उन्होंने कहा कि लोगों की आर्थिक का आधार ही खेती है। प्रधान संजय राणा ने कहा कि भारी बारिश और भूस्खलन से ग्रामीणों की सौ नाली से अधिक काश्तकारी भूमि दब गई है। सभी को नुक्सान का उचित मुआवजा मिले इसके लिए कार्रवाई की जा रही है।